
कोरबा: जिले के मोरगा–सरगुजा बॉर्डर स्थित पतुरियादांड जंगल में आधी रात को कोयला तस्करी का मामला सामने आया है.अंधेरे का फायदा उठाकर कोयला दलाल जंगल में अवैध खुदाई कर रहे थे, लेकिन ग्रामीणों की सतर्कता से उनकी साजिश नाकाम हो गई। वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कोयले से लदा ट्रक जब्त किया गया है, जबकि चालक और हेल्पर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
ग्रामीणों की सतर्कता से खुला राज
शनिवार देर रात जंगल क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि देख ग्रामीणों को शक हुआ.उन्होंने तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वनकर्मी ग्रामीणों के साथ जंगल की ओर रवाना हुए.टीम को देखते ही कोयला तस्कर ट्रक लेकर मौके से फरार होने लगे, लेकिन पीछा कर रहे ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने पुलिस को भी अलर्ट कर दिया.
पुलिस-वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई
मोरगा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर भाग रहे ट्रक को पकड़ लिया. ट्रक में भारी मात्रा में कोयला लदा हुआ था। पुलिस ने वाहन को जब्त कर वन विभाग के सुपुर्द कर दिया है.कटघोरा वन मंडल के केंदई रेंजर अभिषेक दुबे ने बताया कि चालक और हेल्पर से गहन पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए.
ग्रामीणों में आक्रोश, सख्त कार्रवाई की मांग
सूत्रों के अनुसार पकड़े गए तस्कर अंबिकापुर क्षेत्र के बताए जा रहे हैं और पहले भी ऐसी गतिविधियों में शामिल रहे हैं.घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जंगल में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी.उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि कोयला चोरी और जंगल में खुदाई करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके.”




