

स्टेट हेड महेन्द्र सोनवानी की रिपोर्ट NM भारत न्यूज।
कोरबा, 26 जनवरी 2026।
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, छुरीकला में 77वां गणतंत्र दिवस गरिमामय एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य डॉ. असद अहमद जी द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके पश्चात एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यालय के विभिन्न सदनों द्वारा भव्य मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया, जिसने अनुशासन, एकता एवं राष्ट्रीय गौरव को दर्शाया।
इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम, पुलवामा बलिदान एवं आज़ादी का अमृत महोत्सव जैसे विषयों को प्रभावशाली रूप में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती पद्मिनी प्रीतम देवांगन जी रहीं, जिनका स्वागत विद्यालय परिवार द्वारा सम्मानपूर्वक किया गया। मंच संचालन कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों द्वारा किया गया।
प्राचार्य डॉ. असद अहमद ने अपने उद्बोधन में विकसित भारत 2047 के लक्ष्य पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिका लक्ष्मी पाण्डेय एवं वर्षा शुक्ला जी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को मिठाई वितरण के साथ किया गया।




