छत्तीसगढ़रायपुर

मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में आंगनबाड़ी के अधोसंरचना को मिला नया स्वरूप* *टाटीबंध में सर्वसुविधायुक्त ‘महतारी सदन सह आंगनबाड़ी’ का हुआ लोकार्पण*

स्टेट हेड महेन्द्र सोनवानी की रिपोर्ट।

रायपुर, 11 फरवरी 2026। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक 8 के शहीद भगत सिंह वार्ड (टाटीबंध) में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं उपमुख्यमंत्री व नगरीय निकाय मंत्री श्री अरुण साव के मार्गदर्शन में राजधानी में बना प्रदेश का प्रथम सर्वसुविधायुक्त ‘महतारी सदन सह आंगनबाड़ी’ का लोकार्पण विधायक श्री राजेश मूणत के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। लगभग ₹85 लाख की लागत से 4500 वर्गफीट क्षेत्र में निर्मित यह भवन आंगनबाड़ी केंद्रों की अधोसंरचना को आधुनिक स्वरूप प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री राजेश मूणत ने कहा कि उनका लक्ष्य रायपुर पश्चिम को एक आदर्श मॉडल विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि ‘महतारी सदन’ मातृशक्ति के सम्मान और बच्चों के समग्र विकास की परिकल्पना को साकार करता है। यहाँ बच्चों को पोषण के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण प्री-स्कूल शिक्षा एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार की विकासोन्मुखी सोच और सहयोग से क्षेत्र में अधोसंरचनात्मक विकास कार्यों को गति मिली है।

नगर निगम रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि यह केंद्र माताओं के लिए सुरक्षित वातावरण और बच्चों के लिए ज्ञान एवं संस्कार का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों की सुविधा हेतु रैम्प एवं सर्वसुविधायुक्त वाशरूम का निर्माण समावेशी विकास की दिशा में सराहनीय पहल है।

नगर निगम के सभापति श्री सूर्यकांत राठौड़ ने कहा कि 7000 वर्गफुट भूखंड पर विकसित यह भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है और बच्चों के लिए एक ‘ग्रोथ सेंटर’ के रूप में कार्य करेगा। उन्होंने बताया कि यहां डिजिटल लर्निंग, खेल सामग्री एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया गया है।

महतारी सदन एवं आंगनबाड़ी की प्रमुख सुविधाएं :- तकनीकी जानकारी के अनुसार भवन की ऊंचाई 16 फुट रखी गई है तथा 2500 वर्गफुट खुला क्षेत्र सुरक्षित रखा गया है, जहां पेवर ब्लॉक्स लगाए गए हैं। परिसर में सुदृढ़ बाउंड्रीवाल का निर्माण किया गया है।

खेल एवं मनोरंजन सुविधाएं: ट्रेम्पोलिन, सी-सॉ, फिसलपट्टी, कैरम, शतरंज एवं बास्केटबॉल

सेवाएं : अनुपूरक पोषण, प्री-स्कूल शिक्षा, नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण एवं रेफरल सेवाएं।

इस अवसर पर नगर निगम रायपुर की एमआईसी सदस्य एवं वार्ड 21 पार्षद श्रीमती गायत्री सुनील चंद्राकर, एमआईसी सदस्य श्री मनोज वर्मा, श्री दीपक जायसवाल, श्री भोलाराम साहू, जोन 8 अध्यक्ष श्री प्रीतम सिंह ठाकुर, जोन 1 अध्यक्ष श्री गज्जू साहू, पार्षद श्रीमती मीना ठाकुर, श्री भगतराम हरबंश, श्री राजेश कुमार देवांगन, नगर निगम अपर आयुक्त श्री विनोद पाण्डेय, जोन 8 की जोन कमिश्नर श्रीमती राजेश्वरी पटेल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!