राजापुर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, प्रशासन सख्त—दोबारा कब्जा किया तो होगी कड़ी कार्रवाई
राजापुर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, प्रशासन सख्त—दोबारा कब्जा किया तो होगी कड़ी कार्रवाई
चित्रकूट – तुलसी तीर्थ राजापुर में बुधवार को प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। उपजिलाधिकारी फूलचंद यादव एवं प्रभारी निरीक्षक लाखन सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई चैत्र नवरात्रि और पवित्र रमजान को देखते हुए की गई, जिससे आमजन और दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। अभियान के दौरान सड़कों और नालियों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया तथा छोटे-बड़े सब्जी व्यापारियों को सख्त चेतावनी दी गई कि यदि दोबारा अतिक्रमण पाया गया तो जुर्माना वसूलते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने बताया कि नगर पंचायत द्वारा करीब एक माह पहले ही अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किए जा चुके थे। नगर पंचायत अध्यक्ष संजीव मिश्रा ने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि नवीन सब्जी मंडी स्थल पर बिना किसी जमानत राशि के माहवारी किराए पर दुकानों का आवंटन किया गया है, इसके बावजूद व्यापारी सड़क किनारे दुकानें लगा रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को असुविधा हो रही है। उन्होंने सभी से धर्म नगरी राजापुर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। समाजसेवी सुनील मिश्रा ने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास जी की तपोस्थली होने के कारण यहां विभिन्न प्रांतों से श्रद्धालु आते हैं, लेकिन अतिक्रमण के चलते उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए नगरवासियों और व्यापारियों से सहयोग की अपील की। इस दौरान पुत्तीलाल, शिव विजय सिंह, राहुल चौरसिया, मोनू मोदनवाल, पवन तिवारी, अमित सोनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

