पोड़ी उपरोड़ा के पुटुवा की बदहाली उजागर: सीसी रोड के अभाव में कीचड़ में जीने को मजबूर ग्रामीण, विकास के दावे कागजों तक सीमित।

NM भारत न्यूज।
कोरबा// जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत पुटुवा पंचायत का डुग्गुपारा मोहल्ला आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहा है। यहां सीसी रोड का अभाव ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है, जिससे विकास के दावे पूरी तरह खोखले नजर आ रहे हैं।
बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। पूरे मोहल्ले की गलियां कीचड़ और पानी से भर जाती हैं, जिससे लोगों का घर से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। आवागमन लगभग ठप हो जाता है और रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित होते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। नए सरपंच के कार्यकाल से लोगों को उम्मीद थी कि कुछ सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा, लेकिन जमीनी स्तर पर अब तक कोई ठोस काम नहीं दिखा। इससे लोगों में निराशा और आक्रोश दोनों बढ़ते जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने सरपंच और सचिव पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार झूठे वादों से उन्हें गुमराह किया जाता है। कभी कहा जाता है कि सड़क स्वीकृत हो चुकी है, तो कभी जल्द काम शुरू होने की बात कही जाती है, लेकिन हकीकत में आज तक कोई निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ।
हैरानी की बात यह भी है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत इस मोहल्ले से सड़क निर्माण प्रस्तावित था, लेकिन वह योजना भी धरातल पर नहीं उतर सकी। इससे यह सवाल उठता है कि आखिर सरकारी योजनाओं का लाभ आम ग्रामीणों तक क्यों नहीं पहुंच पा रहा है।
सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है। उन्हें रोजाना कीचड़ और पानी से भरे रास्तों से होकर स्कूल जाना पड़ता है, जिससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है और दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
👉 ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से उम्मीद लगाई है, कि इस गंभीर समस्या पर तत्काल संज्ञान लेते हुए सीसी रोड निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू कराया जाए, ताकि वर्षों से चली आ रही इस परेशानी से उन्हें राहत मिल सके।




