
NM भारत लाइव न्यूज 
कटघोरा//जटगा (कोरबा), 27 जून 2026। कोरबा जिले के जटगा चौकी क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस सहायता केंद्र जटगा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बनवारी लाल मरार (40 वर्ष), निवासी धोबघट पारा, जटगा ट्रैक्टर क्रमांक CG-12/U-1474 चलाने का कार्य करता था। शनिवार को वह अपने साथी हुपेश विश्वकर्मा के साथ ट्रैक्टर में मुरुम लोड कर लालमट्टा धरसा क्षेत्र से वापस लौट रहा था।
दोपहर लगभग 1:25 बजे लालमट्टा धरसा मार्ग पर कच्ची सड़क के किनारे मिट्टी के टीले पर ट्रैक्टर का अगला हिस्सा चढ़ जाने से वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर पलटते ही चालक बनवारी लाल उसके नीचे दब गया।
मौके पर हुई दर्दनाक मौत
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ट्रैक्टर के नीचे दबे बनवारी लाल को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस दस्तावेजों के अनुसार उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं।
साथी घायल, अस्पताल में भर्ती
हादसे में ट्रैक्टर में सवार हुपेश विश्वकर्मा भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दाहिने पैर में गंभीर चोट और फ्रैक्चर होने पर उसे उपचार के लिए कटघोरा अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस सहायता केंद्र जटगा ने घटना के संबंध में मर्ग इंटीमेशन और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर पलटने को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




