कोरबाछत्तीसगढ़

पोड़ी उपरोड़ा//कटहल खाने पेड़ पर चढ़ा भालू कुएं में गिरा, वन विभाग का घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन

 

 

NM भारत न्यूज (एजेंसी)

पोड़ी उपरोड़ा। कटघोरा वन मंडल के वन परिक्षेत्र केंदई अंतर्गत ग्राम पंचायत छिंदिया में मंगलवार देर रात एक जंगली भालू के कुएं में गिर जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, भालू गांव के पूर्व सरपंच बारे लाल आयाम के बाड़ी में लगे कटहल के पेड़ पर फल खाने के लिए चढ़ा था। इसी दौरान घर के लोगों की आहट और हलचल से घबराकर भालू तेजी से भागने लगा, लेकिन अंधेरे के कारण रास्ता नहीं देख पाया और पास स्थित एक सूखे कुएं में जा गिरा।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही झिनपुरी रेस्क्यू टीम वन अमले के साथ मौके पर पहुंची और भालू को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम द्वारा कुएं की गहराई का आकलन करते हुए आवश्यक उपकरणों की मदद से सावधानीपूर्वक रेस्क्यू किया जा रहा है, ताकि भालू को बिना किसी नुकसान के जंगल में छोड़ा जा सके।

रेस्क्यू अभियान के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे। वन विभाग ने लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह या शोर-शराबा न करने की अपील की, जिससे रेस्क्यू कार्य प्रभावित न हो।

खबर लिखे जाने तक भालू को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास लगातार जारी था। वन विभाग की टीम पूरी सतर्कता और विशेषज्ञों की निगरानी में अभियान चला रही थी। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही भालू को सुरक्षित रेस्क्यू कर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!