
NM भारत न्यूज (एजेंसी)
सक्ती, 27 जून 2026। जिले में अवैध रेत कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्त तेवर दिखाए हैं। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन और खनि अधिकारी के.के. बंजारे के मार्गदर्शन में राजस्व एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 10 डंपर अवैध रेत जब्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सक्ती नगर की गेवाडिन कॉलोनी के पास अवैध रूप से रेत का भंडारण किए जाने की सूचना पर प्रशासन ने रात्रि में छापेमार कार्रवाई की। जांच में भारी मात्रा में अवैध रेत मिलने पर उसे तत्काल जब्त कर कोटवार के सुपुर्द कर दिया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब्त रेत के संबंध में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 एवं खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने दो टूक संदेश देते हुए कहा है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खनिज विभाग और राजस्व अमला लगातार निगरानी कर रहे हैं और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई और तेज़ी से जारी रहेगी।



