चित्रकूट ब्रेकिंग: “सरकारी नंबर सिर्फ दिखावा?”—नायब तहसीलदार पर उठे सवाल, जनता परेशान*
*चित्रकूट ब्रेकिंग: “सरकारी नंबर सिर्फ दिखावा?”—नायब तहसीलदार पर उठे सवाल, जनता परेशान*
चित्रकूट। जनपद में सरकारी व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। जहां एक ओर आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को सीयूजी (सरकारी) मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए गए हैं, वहीं दूसरी ओर इन नंबरों के उपयोग को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आ रही है।
ताजा मामला कर्वी सदर तहसील से जुड़ा है, जहां नायब तहसीलदार मंगल यादव का सीयूजी मोबाइल नंबर अक्सर बंद रहने की शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जब भी वे खेती, जमीन की नापजोख या अन्य राजस्व संबंधित समस्याओं को लेकर संपर्क करने की कोशिश करते हैं, तो सरकारी नंबर या तो बंद मिलता है या फिर रिस्पॉन्स नहीं मिलता।
जनता का कहना है कि शासन द्वारा दिए गए ये नंबर केवल औपचारिकता बनकर रह गए हैं। जब जरूरत पड़ती है, तब अधिकारी उपलब्ध नहीं रहते, जिससे लोगों को तहसील के चक्कर काटने पड़ते हैं और समय व पैसा दोनों की बर्बादी होती है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार अधिकारियों को जनता के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह रहने के निर्देश देते रहे हैं। इसके बावजूद यदि जमीनी स्तर पर अधिकारी इन निर्देशों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, तो यह प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।
ग्रामीणों और किसानों का कहना है कि राजस्व से जुड़े मामलों में समय पर जानकारी और सुनवाई बेहद जरूरी होती है। लेकिन जब अधिकारी का सरकारी नंबर ही बंद मिले, तो शिकायत कहां करें और समाधान कैसे मिले—यह बड़ा सवाल बन जाता है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि उच्च अधिकारी इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और क्या संबंधित अधिकारी के खिलाफ कोई कार्रवाई होती है या फिर यह मामला भी अन्य शिकायतों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।
