

NM भारत न्यूज (एजेंसी)
कोरबा/सिरमिना। वनांचल क्षेत्र के ग्राम सिरमिना के होनहार छात्र अरमान यादव ने अपनी प्रतिभा और कठिन परिश्रम के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए प्रयास विद्यालय डिंगापुर, कोरबा की चयन सूची में स्थान बनाया है। विशेष बात यह है कि अरमान ने OBC वर्ग की एकमात्र सीट पर शीर्ष स्थान (टॉप) प्राप्त कर चयन सुनिश्चित किया, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
अरमान यादव एक सामान्य परिवार से आते हैं। उनके पिता जयराम यादव एक मेहनती कृषक हैं, जबकि माता बसंती यादव आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद अरमान ने अपनी लगन, अनुशासन और निरंतर अध्ययन के बल पर यह सफलता अर्जित कर यह साबित कर दिया कि प्रतिभा आर्थिक परिस्थितियों की मोहताज नहीं होती।
ग्रामीण परिवेश में रहकर कठिन परिस्थितियों के बीच मिली यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई है। अरमान की सफलता से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे सिरमिना गांव और आसपास के वनांचल क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है।
इस गौरवपूर्ण सफलता पर जनपद सदस्य श्रीमती कमला देवी पेन्द्रो ने छात्र को बधाई देते हुए कहा कि अरमान ने पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है और उनकी उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी बड़े लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा देगी।
वहीं सेजेश सिरमिना के प्राचार्य श्री आर.के. ओगरे ने भी छात्र अरमान यादव को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए सफलता के नए द्वार हमेशा खुलते हैं।
अरमान यादव की इस उपलब्धि ने यह संदेश दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो वनांचल के गांवों से भी प्रतिभाएं निकलकर प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं। आज अरमान की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है और आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक मिसाल भी।




