

NM भारत न्यूज (एजेंसी)
कोरबा/पोड़ी-उपरोड़ा, 9 जून 2026। उपसंचालक कृषि, कोरबा के मार्गदर्शन में विकासखंड पोड़ी-उपरोड़ा के ग्राम बरपाली में जैविक खेती मिशन के अंतर्गत किसानों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को जैविक खेती की उन्नत तकनीकों, फसल विविधीकरण एवं सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र लखनपुर के विषय वस्तु विशेषज्ञ श्री दीपक तंवर ने किसानों को जैविक खेती के महत्व, डेंचा बीज की बुवाई एवं हरी खाद के उपयोग से भूमि की उर्वरता बढ़ाने के संबंध में जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती तीज बाई बिंझवार एवं पूर्व सरपंच श्री साखाराम बिंझवार द्वारा 55 किसानों को निःशुल्क डेंचा बीज वितरित किया गया।

वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कुमारी सुनीता तिर्की ने किसानों को रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम कर जैविक खेती अपनाने की सलाह दी। उन्होंने सुगंधित धान के साथ-साथ दलहन एवं तिलहन फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। साथ ही किसानों को एफपीओ (FPO) के माध्यम से जैविक उत्पादों को निजी बाजार में बेहतर मूल्य पर विक्रय करने के लिए प्रेरित किया।
कृषि विकास अधिकारी श्रीमती पी. के. नेटी ने किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना एवं एग्री-स्टैक की जानकारी देते हुए फार्मर आईडी बनवाने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में 45 किसानों के पीएम किसान सम्मान निधि खाते की स्थिति की जांच कर उन्हें ई-केवाईसी, आधार सीडिंग एवं लैंड सीडिंग संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में सरपंच श्रीमती तीज बाई बिंझवार, पूर्व सरपंच श्री साखाराम बिंझवार, विषय वस्तु विशेषज्ञ श्री दीपक तंवर, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी सुनीता तिर्की, कृषि विकास अधिकारी श्रीमती पी. के. नेटी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री योगेंद्र फुलेश्वर, श्री अखिलेश कुमार देवांगन, कृषक मित्र श्री अजय बिंझवार सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।




