छत्तीसगढ़रायगढ़

रायगढ़  :  जिले के ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का हुआ आयोजन, ग्रामीणों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश*

 

NM भारत न्यूज।

रायगढ़, 18 मई 2026/ स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत जिले के सभी जनपद पंचायतों के ग्राम पंचायत मुख्यालयों में सोमवार को विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन, पर्यावरण संरक्षण तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इन ग्राम सभाओं में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भागीदारी निभाई।

उल्लेखनीय है कि राज्य स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), विकास भवन नया रायपुर के पत्र के परिपालन में तथा छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी द्वारा जिले के सभी ग्राम पंचायत मुख्यालयों में 18 मई को सायं 4 बजे विशेष ग्राम सभा आयोजित करने के निर्देश जारी किए गए थे। आदेश में माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के वाचन और पालन सुनिश्चित कराने पर विशेष जोर दिया गया था।

विशेष ग्राम सभाओं में ग्रामीणों को ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, घर-घर कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक अपशिष्ट नियंत्रण तथा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों और स्वच्छता कार्यकर्ताओं ने बताया कि स्वच्छ वातावरण केवल स्वास्थ्य सुरक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि गांवों के सतत विकास और सामाजिक जागरूकता का आधार भी है। ग्रामीणों को सूखा और गीला कचरा अलग-अलग रखने, प्लास्टिक उपयोग कम करने तथा सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। ग्राम सभाओं में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने पर विशेष बल दिया गया। महिला स्व-सहायता समूहों, स्वच्छाग्राही दीदियों और ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए गांवों को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान उपस्थित लोगों को स्वच्छता शपथ भी दिलाई गई।

जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने घरों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पालन करते हुए स्वच्छ ग्राम-स्वस्थ ग्राम की अवधारणा को साकार करने में सहयोग दें। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, सचिव, रोजगार सहायक, स्वच्छाग्राही, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। जिला प्रशासन एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) द्वारा जिले में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर लगातार जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!