कोरबाछत्तीसगढ़

कोरबा ब्रेकिंग//दोपहर 1:45 बजे तक भूखे बैठे रहे मासूम, धनुहार पारा प्राथमिक शाला में नाश्ता और मध्यान्ह भोजन व्यवस्था फेल, शिक्षा विभाग पर उठे गंभीर सवाल 

 

NM भारत न्यूज (एजेंसी)

कोरबा// जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत संकुल केंद्र कर्री के शासकीय प्राथमिक शाला धनुहार पारा में शिक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है, जिसने ग्रामीणों और अभिभावकों में गहरी नाराजगी पैदा कर दी है। विद्यालय में न केवल शैक्षणिक गतिविधियों पर सवाल उठ रहे हैं, बल्कि बच्चों को मिलने वाले मध्यान्ह भोजन और नाश्ते की व्यवस्था भी पूरी तरह से प्रभावित पाई गई।

 

ग्रामीणों और विद्यार्थियों के अनुसार आज सुबह स्कूल में बच्चों को निर्धारित नाश्ता उपलब्ध नहीं कराया गया। इसके अलावा मीनू के अनुसार जो भोजन तैयार किया जाना था, वह भी मीनू के आधार पर नहीं बना था। साथ ही भोजन भी समय पर बच्चों को नहीं मिल पाया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि दोपहर लगभग 1:45 बजे तक छोटे-छोटे बच्चे भूखे पेट स्कूल परिसर में बैठे रहे। काफी देर बाद किसी तरह बच्चों को 1:45 बजे भोजन मिला।

इस लापरवाही को लेकर गांव में आक्रोश का माहौल है। अभिभावकों का कहना है कि सरकार द्वारा बच्चों के पोषण और शिक्षा के लिए चलाई जा रही मध्यान्ह भोजन योजना का उद्देश्य तभी पूरा हो सकता है जब इसे सही ढंग से लागू किया जाए, लेकिन यहां स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत दिखाई दे रही है। उनका कहना है कि छोटे बच्चों को समय पर भोजन न मिलना न केवल उनकी सेहत पर असर डालता है, बल्कि उनकी पढ़ाई और एकाग्रता भी प्रभावित होती है।

 

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि विद्यालय में पहले भी व्यवस्थाओं को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन जिम्मेदारों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे शिक्षा व्यवस्था की गंभीरता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस पूरे मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और जिम्मेदारों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है। ग्रामीणों की मांग है कि विद्यालय में भोजन व्यवस्था को तत्काल सुधारते हुए नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में बच्चों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े और उनकी शिक्षा व स्वास्थ्य दोनों सुरक्षित रह सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!