

NM भारत न्यूज (एजेंसी)
कोरबा/पसान। जिला पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशानुसार जिले में सड़क सुरक्षा, नशे में वाहन चलाने वालों तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पसान थाना प्रभारी श्री सी.पी. खांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने आने-जाने वाले वाहनों की गहन जांच की और वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी।
इसी दौरान जांच में जय श्री बस के चालक को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया गया। पुलिस ने तत्काल चालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की।
चेकिंग के दौरान बस की डिक्की की तलाशी लेने पर उसमें अवैध तरीके से बकरियां रखकर परिवहन किया जा रहा था। इस पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी।
पसान थाना प्रभारी श्री सी.पी. खांडे ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में नशे में वाहन चलाने वालों, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों तथा अवैध पशु तस्करी जैसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से कानून का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।




