

NM भारत न्यूज (एजेंसी)
पोड़ी-उपरोड़ा/कोरबा।
कोरबा जिले के पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पुटुवा में शनिवार को बाड़ी की जुताई के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। ट्रैक्टर से बाड़ी की जुताई करते समय अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक घनश्याम कंवर और उसके साथ बैठे एक मासूम बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर बाड़ी में सामान्य रूप से जुताई कर रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना गंभीर था कि चालक और बच्चा ट्रैक्टर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों घायलों को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
हालत गंभीर, कोरबा रेफर
प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल कोरबा रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में दोनों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
गांव में चिंता का माहौल
हादसे की खबर फैलते ही पूरे गांव में चिंता का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों ने दोनों घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की हैं। घटना के बाद खेतों में ट्रैक्टर चलाते समय सुरक्षा उपायों को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
फिलहाल हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। दोनों घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।




