

NM भारत न्यूज (एजेंसी)
कटघोरा/बांगो। कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम माचाडोली से 12 वर्षीय छात्र के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। पिता की डांट के बाद घर से निकला मासूम देर शाम तक वापस नहीं लौटा, जिससे पूरे परिवार में चिंता और बेचैनी का माहौल है। परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो बांगो थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए अपहरण की आशंका भी जताई है।
मिली जानकारी के अनुसार विनोय कुमार पोर्ते (12 वर्ष 6 माह) ग्राम माचाडोली निवासी है और सरस्वती शिशु मंदिर, माचाडोली में कक्षा आठवीं का छात्र है। उसकी माता कोरबा स्थित एक होटल में कार्यरत हैं। शिकायत के अनुसार 12 जुलाई की सुबह विनोय अपने दोस्तों के साथ बांगो डेम में नहाने गया था। इसी दौरान उसके पिता विक्रम सिंह पोर्ते की नजर उस पर पड़ी, जिन्होंने उसे डांट-फटकार लगाई। इसके बाद पिता अपने काम पर चले गए, लेकिन डांट से आहत बालक घर वापस नहीं लौटा।
परिजनों को बाद में जानकारी मिली कि दोपहर करीब 3:30 बजे विनोय को माचाडोली अस्पताल के पास से गणपत बस में बैठकर कटघोरा की ओर जाते हुए देखा गया था। इसके बाद परिजनों ने कटघोरा सहित आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों के यहां उसकी लगातार तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
लगातार खोजबीन के बाद भी जब सफलता नहीं मिली तो 13 जुलाई को परिजनों ने बांगो थाना पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में आशंका व्यक्त की गई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया हो।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गुमशुदगी दर्ज कर छात्र की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है, बस यात्रियों और संभावित मार्गों की जानकारी जुटाई जा रही है तथा उपलब्ध तथ्यों के आधार पर हर पहलू की जांच की जा रही है।
परिवार की एक ही उम्मीद—मासूम सकुशल घर लौट आए
विनोय के लापता होने से परिवार गहरे सदमे में है। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में चिंता का माहौल बना हुआ है। परिजनों ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी को विनोय कुमार पोर्ते के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल बांगो थाना या उसके परिवार को सूचना दें, ताकि मासूम को जल्द से जल्द सकुशल घर लाया जा सके।




