कोरबाछत्तीसगढ़

पोड़ी उपरोड़ा : जर्जर भवन में भविष्य की पढ़ाई! एक कमरे में संचालित हो रहा प्राथमिक विद्यालय, बच्चों की सुरक्षा पर मंडराया खतरा

 

NM भारत न्यूज (एजेंसी)

पोड़ी उपरोड़ा। कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत लमना के प्राथमिक शाला करमी टिकरा में शिक्षा व्यवस्था गंभीर चुनौतियों से जूझ रही है। विद्यालय भवन पूरी तरह जर्जर होने के कारण बच्चों की नियमित पढ़ाई एक अतिरिक्त भवन के केवल एक कमरे में संचालित की जा रही है। सीमित जगह में सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों को बैठाकर पढ़ाने से शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो रही है, वहीं बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी अभिभावकों में चिंता बनी हुई है।

प्रदेश सरकार शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है और स्कूलों के उन्नयन पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके बावजूद पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र के कई सरकारी विद्यालय आज भी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में संचालित हो रहे हैं। करमी टिकरा प्राथमिक विद्यालय इसका ताजा उदाहरण बनकर सामने आया है।

विद्यालय भवन के साथ-साथ मिड-डे मील के लिए बना किचन शेड भी जर्जर हो चुका है। भवन की खराब स्थिति के कारण यहां भोजन बनाने और संचालित करने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इससे बच्चों की सुरक्षा के साथ-साथ मध्यान्ह भोजन व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जर्जर भवन के कारण बच्चों को पुराने भवन में बैठाना सुरक्षित नहीं है। मजबूरी में विद्यालय का संचालन अतिरिक्त भवन के एक कमरे में किया जा रहा है, जिससे पढ़ाई का माहौल प्रभावित हो रहा है। एक ही कमरे में अलग-अलग कक्षाओं के विद्यार्थियों को पढ़ाना शिक्षकों के लिए भी बड़ी चुनौती बना हुआ है।

सरपंच ने दी यह जानकारी

ग्राम पंचायत लमना के सरपंच ने बताया कि विद्यालय के नए भवन की स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू करने के लिए संबंधित आदेश जारी नहीं हुआ है। आदेश जारी होने के बाद ही नए भवन का निर्माण प्रारंभ हो सकेगा।

ग्रामीणों की मांग

ग्रामीणों और अभिभावकों ने जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग से मांग की है कि विद्यालय भवन के साथ-साथ जर्जर किचन शेड का भी शीघ्र निर्माण कराया जाए, ताकि बच्चों को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा और मध्यान्ह भोजन की बेहतर व्यवस्था मिल सके। उनका कहना है कि शिक्षा की गुणवत्ता तभी सुधरेगी, जब विद्यालयों में सुरक्षित भवन और आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हों।

बड़ा सवाल

जब नए विद्यालय भवन की स्वीकृति मिल चुकी है, तो निर्माण कार्य शुरू होने में आखिर देरी क्यों हो रही है? और जर्जर किचन शेड को कब तक नजरअंदाज किया जाएगा? क्या विद्यार्थियों को सुरक्षित भवन और बेहतर सुविधाओं के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा, या संबंधित विभाग जल्द कार्रवाई करेगा?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!