खेलगौरेला पेंड्रा मरवाहीछत्तीसगढ़

जीपीएम बनेगा राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का मेजबान* *18 से 21 अगस्त तक होगा 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन* *प्रदेश के पांचों संभागों के 540 खिलाड़ी दिखाएंगे खेल कौशल, तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने विभागों को सौंपी जिम्मेदारियां*

 

 

NM भारत न्यूज (एजेंसी)

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 7 अगस्त 2026/जीपीएम जिला आगामी 18 से 21 अगस्त तक आयोजित होने वाली 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों से 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 540 खिलाड़ी भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने आज कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में विभिन्न विभागों की बैठक लेकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि राज्यभर से आने वाले खिलाड़ियों एवं अधिकारियों को उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

प्रतियोगिता के अंतर्गत जिम्नास्टिक बालक एवं बालिका, क्रिकेट बालक, ताईक्वांडो बालक एवं बालिका तथा कबड्डी बालिका की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी पांचों संभागों से खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में कलेक्टर ने खेल स्थलों का चयन, खिलाड़ियों के आवास एवं भोजन, परिवहन, स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सा सुविधा, पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा उद्घाटन एवं समापन समारोह की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अविनाश मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी श्री रजनीश तिवारी सहित खेल एवं युवा कल्याण, वन, स्वास्थ्य, आदिवासी विकास, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, विद्युत, खाद्य, परिवहन एवं नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!