#चित्रकूट के रैपुरा में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 3 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत
चित्रकूट। जनपद चित्रकूट के थाना रैपुरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बसिला में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 3 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद शादी वाले घर की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक मासूम की पहचान किशन (3 वर्ष) पुत्र राजकुमार निवासी ग्राम जिल्ला गढ़चपा, थाना मानिकपुर के रूप में हुई है। बताया गया कि किशन अपनी मां गुड्डी के साथ अपनी ननिहाल ग्राम बसिला में मामा की लड़की की शादी समारोह में शामिल होने आया था।
परिजनों के मुताबिक शुक्रवार सुबह लगभग 9 बजे मां गुड्डी बच्चे को लेकर शौचक्रिया के बाद घर वापस लौट रही थीं। तभी रास्ते में सामने से आ रही एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित मोटरसाइकिल ने मासूम किशन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद परिजन घायल मासूम को लेकर भौंरी स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन जब बच्चे को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे तो वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां गुड्डी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि किशन दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई शनि की भी पिछले वर्ष जनवरी माह में मौत हो चुकी थी। अब दूसरे बेटे की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना रैपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस द्वारा हादसे के बाद फरार बाइक सवार की तलाश की जा रही है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।