कोरबाक्राइमछत्तीसगढ़

कोरबा : नाबालिग बेटी की संदिग्ध मौत मामले में परिजनों ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार, निष्पक्ष जांच की मांग

 

NM भारत न्यूज (एजेंसी)

कोरबा, 29 जून। जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका की संदिग्ध मौत के मामले में परिजनों ने पुलिस अधीक्षक, कोरबा को आवेदन सौंपकर निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि उनकी 15 वर्षीय बेटी की मौत सामान्य नहीं बल्कि संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, जिसमें हत्या और दुष्कर्म की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

आवेदन में मृतका की मां ने बताया कि घटना के दिन कुछ लोगों द्वारा उनकी बेटी के साथ मारपीट की गई थी। बाद में वह घर में मृत अवस्था में मिली। परिजनों का आरोप है कि पहले बालिका के साथ मारपीट की गई और उसके बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए फांसी पर लटका दिया गया।

परिजनों का यह भी कहना है कि घटना को कई दिन बीत जाने के बाद भी जांच की प्रगति से उन्हें अवगत नहीं कराया गया। उनका आरोप है कि जब भी वे बांकीमोंगरा थाना पहुंचकर जानकारी मांगते हैं, तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिलता और जांच में पारदर्शिता का अभाव दिखाई देता है।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि उपलब्ध कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य तथ्यों के आधार पर बालिका के साथ दुष्कर्म की आशंका जताई गई है। परिजनों ने इन सभी बिंदुओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

सोमवार को मृतका की मां अपने परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और ज्ञापन सौंपते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने तथा जल्द न्याय दिलाने की मांग की। अब इस मामले में पुलिस प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!