कोरबाछत्तीसगढ़

कटघोरा-पेंड्रा मार्ग पर सड़क के बीचों-बीच मवेशियों का जमावड़ा, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा बारिश और रात के अंधेरे में बढ़ा खतरा, राहगीरों में दहशत क्या प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है?

 

NM भारत न्यूज (एजेंसी)
कटघोरा/पोड़ी उपरोड़ा। कटघोरा-पेंड्रा मुख्य मार्ग पर इन दिनों लावारिश मवेशियों का सड़क पर जमावड़ा आम बात हो गई है। सड़क के बीचों-बीच बैठे और घूमते मवेशी हर गुजरने वाले वाहन चालक के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं। स्थानीय लोगों और राहगीरों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कभी भी कोई बड़ा और दर्दनाक सड़क हादसा हो सकता है।
बारिश के मौसम में दृश्यता पहले ही कम हो जाती है। रात के समय तेज बारिश, फिसलन और सामने से आने वाले वाहनों की तेज रोशनी के कारण सड़क पर बैठे मवेशी समय पर दिखाई नहीं देते। ऐसे में दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों के चालकों को वाहन नियंत्रित करने में भारी परेशानी होती है। कई बार अचानक सामने आए पशुओं को बचाने के प्रयास में वाहन चालक स्वयं दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले वर्ष इसी मौसम में प्रशासन द्वारा लावारिश मवेशियों को सड़क से हटाने और उनके रखरखाव के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी, जिससे काफी हद तक दुर्घटनाओं पर रोक लगी थी। लेकिन इस वर्ष अब तक ऐसी कोई प्रभावी पहल नजर नहीं आ रही है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
गौरतलब है कि दो दिन पहले तुमान-बरबसपुर मार्ग पर एक बाइक सवार युवक अचानक सड़क पर आए मवेशी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हालांकि युवक की रफ्तार कम होने के कारण उसकी जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया। इस घटना के बाद भी यदि प्रशासन नहीं चेता तो भविष्य में किसी भी दिन गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि पोड़ी उपरोड़ा प्रशासन की चुप्पी समझ से परे है। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर सड़क पर जानलेवा साबित हो रहे इन लावारिश मवेशियों को हटाने के लिए ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही? क्या प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही जागेगा?
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल विशेष अभियान चलाकर सड़कों से लावारिश मवेशियों को हटाया जाए, गौठानों एवं सुरक्षित स्थानों पर उनकी व्यवस्था की जाए तथा संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!