

N M भारत न्यूज (एजेंसी)
कोरबा/कटघोरा।
कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सलोरा में विकास कार्य स्वीकृत होने के बावजूद राशि जारी नहीं होने से कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्य अधूरे पड़े हैं। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है और बच्चों सहित स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2026 में 11.69 लाख रुपये की लागत से आंगनबाड़ी भवन का निर्माण स्वीकृत किया गया था, लेकिन अब तक स्वीकृत राशि जारी नहीं होने के कारण निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। वहीं, वर्ष 2023 में DMF (जिला खनिज न्यास) फंड से स्वीकृत एक अन्य आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन उसका भुगतान आज तक नहीं हुआ है।
भुगतान अटकने से संबंधित निर्माण एजेंसी और पंचायत भी आर्थिक परेशानी झेल रही है।
इतना ही नहीं, पूर्व माध्यमिक शाला सलोरा में 8.07 लाख रुपये की लागत से अतिरिक्त कक्ष निर्माण वर्ष 2025 में स्वीकृत हुआ था, लेकिन इस कार्य के लिए भी आज तक राशि जारी नहीं की गई है। परिणामस्वरूप शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
ग्राम पंचायत के सरपंच का कहना है कि इस संबंध में जनपद पंचायत से लेकर जिला प्रशासन, जन दर्शन से लेकर सुशासन तिहार तक कई बार आवेदन और शिकायत की जा चुकी है।
संबंधित अधिकारियों से राशि जारी करने की मांग भी की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार द्वारा विकास कार्यों की घोषणा तो कर दी जाती है, लेकिन समय पर राशि जारी नहीं होने से योजनाएं केवल कागजों तक सीमित रह जाती हैं। अधूरे निर्माण कार्यों के कारण बच्चों, महिलाओं और ग्रामीणों को आवश्यक सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
अब ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि लंबित राशि जल्द से जल्द जारी कर निर्माण कार्यों को पूरा कराया जाए, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ लोगों तक समय पर पहुंच सके। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन का रास्ता भी अपना सकते हैं।




