कोरबाछत्तीसगढ़

पोड़ी उपरोड़ा : आखिर किसके संरक्षण में हैं RHO रामकिशन निषाद? महीनों से उप स्वास्थ्य केंद्र रावा से नदारद, शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं CMHO को सूचना और खबर प्रकाशित होने के बावजूद विभाग की चुप्पी पर उठे सवाल

 

NM भारत न्यूज (एजेंसी)

कोरबा/पोड़ी उपरोड़ा। विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा अंतर्गत उप स्वास्थ्य केंद्र रावा में पदस्थ RHO रामकिशन निषाद की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वे पिछले दो से तीन माह से नियमित रूप से स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हो रहे हैं, जिससे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हो रही हैं।

बताया जा रहा है कि इस मामले की जानकारी संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, विशेष रूप से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कोरबा, को समाचार माध्यमों के जरिए भी दी गई थी। इसके अलावा फोन के माध्यम से भी उन्हें पूरे मामले से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।

इस स्थिति ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि किसी स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ कर्मचारी लंबे समय तक अनुपस्थित रहता है और शिकायत के बाद भी विभाग कोई कार्रवाई नहीं करता, तो यह प्रशासनिक जवाबदेही पर प्रश्नचिह्न लगाता है। ऐसे में लोगों के मन में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर RHO रामकिशन निषाद को किसका संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है?

स्वास्थ्य केंद्र में नियमित कर्मचारी के अनुपस्थित रहने का सीधा असर क्षेत्र के मरीजों पर पड़ रहा है। प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आने वाले लोगों को निराश लौटना पड़ रहा है, जबकि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का दावा करती है।

अब पूरे मामले पर लोगों की नजरें स्वास्थ्य विभाग पर टिकी हैं। देखना होगा कि इस खबर के प्रकाशन के बाद विभाग मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करता है या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर ठंडे बस्ते में चला जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!