
NM भारत न्यूज (एजेंसी)
कटघोरा/कोरबा। कोरबा जिले के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में लंबे समय से चली आ रही शिकायतों को लेकर शनिवार सुबह छात्रों और उनके परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों छात्र-छात्राएं कटघोरा-कोरबा मुख्य मार्ग पर सुबह करीब 7 बजे से चक्का जाम कर धरने पर बैठ गए, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों और अभिभावकों का आरोप है कि विद्यालय में लंबे समय से घटिया भोजन, खाने में कीड़े मिलने, पेयजल व अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी, छात्रों के साथ अभद्र व्यवहार तथा प्रशासनिक लापरवाही जैसी गंभीर समस्याएं बनी हुई हैं। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकला।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर स्थानीय विधायक के वाहन को रोककर विरोध प्रदर्शन किया था। उस समय भी छात्रों ने विद्यालय के प्राचार्य अहमद खान और प्रशासन के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे तथा कार्रवाई की मांग की थी।
मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से तहसीलदार, पुलिस अधिकारी और अन्य प्रशासनिक अमला पहुंचा हुआ है। अधिकारियों द्वारा छात्रों और अभिभावकों से लगातार बातचीत की जा रही है, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।
प्रदर्शनकारियों का स्पष्ट कहना है कि जब तक कलेक्टर से सीधे चर्चा नहीं होगी और प्राचार्य को हटाने सहित अधीक्षक के खिलाफ अभद्र व्यवहार के आरोपों पर ठोस कार्रवाई का आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक चक्का जाम समाप्त नहीं किया जाएगा।



