

NM भारत न्यूज।
रायपुर, 8 मई 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में रायपुर जिले में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजनांतर्गत आज तीन विभिन्न स्थलों पर सामूहिक विवाह कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों एवं वर-वधु पक्ष के परिजनों की उपस्थिति रही।
टाऊन हॉल, आरंग में कुल 16 जोड़ों का विवाह कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, अनुसूचित जाति विकास विभाग मंत्री गुरू खुशवंत साहेब के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष आरंग डॉ. संदीप जैन, जनपद अध्यक्ष श्रीमती टाकेश्वरी मुरली साहू, जनपद सदस्य श्रीमती पद्मिनी साहू एवं जनपद उपाध्यक्ष श्री रविन्द्र चंद्राकर उपस्थित रहे।
डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन, सासाहोली, तिल्दा-नेवरा में 31 जोड़ों का विवाह जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री टीकेश्वर मनहरे, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती चंद्रकला वर्मा, जिला पंचायत सदस्य एवं महिला एवं बाल विकास सभापति श्रीमती शैल महेन्द्र साहू, जनपद सदस्य एवं महिला एवं बाल विकास सभापति श्रीमती सरोज मुकेश भारद्वाज, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती पलक सुखवानी एवं समस्त पार्षदगण तिल्दा की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया।
मंगल भवन, धरसीवां में कुल 15 जोड़ों का विवाह जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सरोज चंद्रवंशी एवं जनपद अध्यक्ष धरसीवां श्रीमती शकुंतला सेन की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न कराया गया।
शासन द्वारा सभी नवविवाहित जोड़ों को योजनांतर्गत निर्धारित सहायता प्रदान की गई। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने नवदंपत्तियों को सुखमय एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन हेतु शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।




