

NM भारत न्यूज।
कोरबा। जिले की प्रतिभाशाली एवं उच्च अंक प्राप्त छात्र छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य को दिशा देने के उद्देश्य से 5 जून 2026 को कोरबा के राजीव गांधी ऑडिटोरियम में विशेष करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की मेधावी छात्र,छात्राओं को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार के अवसरों तथा विभिन्न करियर विकल्पों की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित होगा। पहले सत्र में कक्षा 10वीं में उच्च अंक प्राप्त छात्राओं के लिए सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। वहीं दूसरे सत्र में कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के लिए दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक मार्गदर्शन सत्र रखा गया है।
कार्यक्रम में शिक्षा एवं करियर विशेषज्ञ छात्राओं को उनके रुचि एवं योग्यता के अनुसार विषय चयन, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों, तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा भविष्य की संभावनाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी देंगे। साथ ही छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया जाएगा।
जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग का उद्देश्य है कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की मेधावी छात्राओं को सही समय पर उचित मार्गदर्शन उपलब्ध हो, जिससे वे अपने करियर के संबंध में बेहतर निर्णय ले सकें और भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करें।




