कोरबाछत्तीसगढ़

पोड़ी उपरोड़ा : बिजली व्यवस्था हुई बेपटरी, गर्मी – उमस में तड़प रहे ग्रामीण  बिन्झरा – जटगा सब स्टेशन क्षेत्र में बार – बार गुल हो रही बिजली, विभाग की कार्य प्रणाली पर उठे सवाल 

 

 

NM भारत न्यूज (एजेंसी)

 

कोरबा/पोड़ी-उपरोड़ा। विकासखंड पोड़ी-उपरोड़ा के बिन्झरा और जटगा विद्युत सब स्टेशन के अंतर्गत आने वाले अनेक गांवों में इन दिनों बिजली व्यवस्था पूरी तरह से बेपटरी होती नजर आ रही है। क्षेत्र के ग्रामीणों का आरोप है कि हल्की बारिश, तेज हवा या मौसम में मामूली बदलाव होते ही कई _कई घंटों तक बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है। कई बार तो स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि पूरी रात गांव अंधेरे में डूबे रहते हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

क्षेत्र में वर्तमान समय में गर्मी और उमस अपने चरम पर है। ऐसे में बार-बार बिजली गुल होने से ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रही है।

घरों में लगे पंखे और कूलर बंद होने से लोग रात रातभर जागने को मजबूर हो जा रहे हैं।

बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को तो सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

बिजली कटौती के कारण पेयजल आपूर्ति और मोबाइल नेटवर्क जैसी मूलभूत सुविधाएं भी प्रभावित हो रही हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष मानसून आगमन से पूर्व विद्युत विभाग द्वारा पेड़ों की कटाई-छंटाई (ट्री कटिंग) और लाइनों के रखरखाव का दावा किया जाता है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है।

बारिश की पहली फुहार और हल्की हवा में ही फीडर ट्रिप होना तथा कई – कई घंटों तक बिजली बहाल नहीं होना विभागीय तैयारियों पर कई सवाल खड़े कर रहा है।

लोगों का आरोप है कि समय पर सुधार कार्य नहीं होने के कारण समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।

गौर तलब है कि बरसात का मौसम शुरू होते ही ग्रामीण अंचलों में सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले जीव-जंतुओं की गतिविधियां बहुत बढ़ जाती हैं। ऐसे समय में रातभर बिजली गुल रहने से ग्रामीणों में भय का माहौल हमेशा बना रहता है।

अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं और सर्पदंश जैसी घटनाओं की आशंका भी आए दिन गांव क्षेत्र में बनी रहती है।

महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

ऐसे में ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद बिजली आपूर्ति में अपेक्षित सुधार नहीं हो होता है। विभागीय अमले द्वारा समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल दिखाई नहीं दे रही है। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आने वाले भरे बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

स्थानीय नागरिकों ने विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि बिन्झरा एवं जटगा सब स्टेशन क्षेत्र की बिजली व्यवस्था की तकनीकी जांच कराकर आवश्यक सुधार कार्य कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति मिल सके।

 

 

मुख्य बिन्दु

 

 

🔹 बिन्झरा एवं जटगा सब स्टेशन क्षेत्र में बिजली व्यवस्था लगातार चरमराई।

 

🔹 हल्की बारिश और तेज हवा में कई घंटों तक बाधित हो रही बिजली आपूर्ति।

 

🔹 कई गांवों में रात रात भर अंधेरे में रहने को मजबूर ग्रामीण।

 

🔹 भीषण गर्मी और उमस के बीच बढ़ी लोगों की परेशानियां।

 

🔹 ट्री कटिंग और रखरखाव के दावों पर उठे सवाल।

 

🔹 बरसात में सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीवों का बढ़ा खतरा।

 

🔹 शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!