

NM भारत न्यूज (एजेंसी)
कटघोरा/पोड़ी उपरोड़ा। कटघोरा वन मंडल के जटगा वन परिक्षेत्र में हाथियों की लगातार गतिविधियों से ग्रामीणों में सतर्कता का माहौल बना हुआ है। वन विभाग द्वारा जारी ताजा जानकारी के अनुसार बीती रात लगभग 10 हाथियों का दल जटगा वन परिक्षेत्र के बासीन परिसर से निकलकर वन परिक्षेत्र एतमानगर के पचरा परिसर की ओर चला गया है। वहीं 5 हाथियों का एक अन्य दल अभी भी जटगा परिसर में विचरण कर रहा है, जिससे आसपास के गांवों में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
वन विभाग की ओर से जटगा वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री गजेन्द्र दोहरे के नेतृत्व में हाथियों की हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा रही है। विभाग की टीम दिन-रात जंगल और ग्रामीण क्षेत्रों में निगरानी कर रही है तथा हाथियों की लोकेशन की जानकारी समय-समय पर ग्रामीणों तक पहुंचाई जा रही है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल की ओर अकेले न जाएं, रात के समय घरों से बाहर निकलने से बचें तथा हाथियों के नजदीक जाने या उन्हें किसी भी प्रकार से छेड़ने का प्रयास बिल्कुल न करें। किसी भी स्थान पर हाथियों के दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
हाल के दिनों में हाथियों की लगातार आवाजाही और जनहानि की घटनाओं को देखते हुए वन विभाग पूरी तरह सतर्क है। विभाग का प्रयास है कि हाथियों और ग्रामीणों के बीच किसी भी प्रकार का टकराव न हो तथा जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
👉 वन विभाग की अपील:
रात में अनावश्यक घर से बाहर न निकलें।
जंगल या हाथियों के विचरण क्षेत्र में अकेले न जाएं।
हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल वन विभाग द्वारा जारी सूचना का पालन करें।
स्थिति पर वन विभाग की लगातार निगरानी जारी है और हाथियों की गतिविधियों के अनुसार ग्रामीणों को समय-समय पर अलर्ट किया जा रहा है।




