

NM भारत न्यूज (एजेंसी )
कोरबा/पोड़ी उपरोड़ा।
विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा स्थित कृषि विभाग कार्यालय इन दिनों असामाजिक तत्वों और शराबियों की वजह से गंभीर परेशानी का सामना कर रहा है। बताया जा रहा है कि कृषि विभाग कार्यालय के ठीक सामने रोजाना शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है, जहां आसपास के कुछ महिला-पुरुष खुलेआम महुआ शराब का सेवन कर माहौल खराब करते हैं। इस कारण न केवल विभाग में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारी असहज और परेशान हैं, बल्कि कृषि संबंधी कार्यों से कार्यालय आने वाले किसान, ग्रामीण और अन्य हितग्राही भी भारी दिक्कतों का सामना कर रहे हैं।
कार्यालय परिसर के सामने दिनभर बना रहता है अव्यवस्था का माहौल
स्थानीय लोगों के अनुसार कृषि विभाग कार्यालय के सामने लंबे समय से शराबियों का अड्डा बनता जा रहा है। सुबह से लेकर शाम तक यहां शराब पीने वालों का जमावड़ा लगा रहता है। शराब के नशे में लोग हंगामा, गाली-गलौज, ऊंची आवाज में बातचीत और अभद्र व्यवहार करते हैं, जिससे पूरे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। सरकारी कार्यालय के सामने इस तरह की गतिविधियां होने से विभाग की गरिमा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
अधिकारी-कर्मचारी भय और असुविधा के माहौल में काम करने को मजबूर
सूत्रों के मुताबिक, शराबियों की बढ़ती आवाजाही और उत्पात के कारण कृषि विभाग में कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार मानसिक दबाव और असुरक्षा की स्थिति में काम करने को मजबूर हैं। कई बार ऐसी स्थिति बन जाती है कि कार्यालयीन कार्य प्रभावित होने लगता है। कर्मचारियों को आशंका बनी रहती है कि नशे में धुत लोग किसी दिन बड़ी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं।
किसानों और हितग्राहियों को भी हो रही भारी परेशानी
कृषि विभाग में खाद-बीज, योजनाओं की जानकारी, पंजीयन, अनुदान, फसल संबंधी सलाह और अन्य कार्यों के लिए बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण पहुंचते हैं। लेकिन कार्यालय के सामने शराबियों का डेरा होने से महिलाओं, बुजुर्गों और दूर-दराज से आने वाले किसानों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। कई लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकारी दफ्तर के सामने इस तरह का माहौल होना बेहद शर्मनाक है और इससे आमजन का विभाग पर भरोसा भी प्रभावित होता है।
दारू पीकर कार्यालय के भीतर तक घुस जाते हैं शराबी
स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कुछ शराबी नशे की हालत में कृषि विभाग कार्यालय के अंदर तक घुस जाते हैं। इससे वहां मौजूद कर्मचारियों और काम से पहुंचे लोगों में भय का माहौल बन जाता है। सरकारी कार्यालय में इस तरह की घुसपैठ प्रशासनिक व्यवस्था और सुरक्षा दोनों पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा करती है।
स्थानीय लोगों ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और बिगड़ सकती है। लोगों ने स्थानीय प्रशासन, आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि कृषि विभाग कार्यालय के सामने लगने वाले इस शराबियों के अड्डे पर तत्काल कार्रवाई की जाए, अवैध महुआ शराब के सेवन और बिक्री पर रोक लगे तथा सरकारी कार्यालय परिसर के आसपास नियमित निगरानी की व्यवस्था की जाए।
सरकारी दफ्तर की गरिमा बचाने जरूरी हुई कार्रवाई
सरकारी कार्यालय आमजन की सेवा और योजनाओं के संचालन का केंद्र होते हैं। ऐसे में यदि कार्यालय के सामने ही नशाखोरी और अव्यवस्था का माहौल बने, तो यह प्रशासनिक तंत्र की छवि को भी प्रभावित करता है। पोड़ी उपरोड़ा के कृषि विभाग कार्यालय के सामने उत्पन्न यह स्थिति अब सिर्फ असुविधा का मामला नहीं, बल्कि सुरक्षा, शासकीय गरिमा और आमजन की सुविधा से जुड़ा गंभीर विषय बन चुकी है।



