
NM भारत न्यूज (एजेंसी)
रायपुर। जिले में पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास को नई गति देने के उद्देश्य से VB G RAM G अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह स्वयं बरौदा पहुंचे और वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लेकर पौधरोपण किया। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने महिला श्रमिकों से सीधे संवाद किया और मनरेगा सहित अन्य कार्यों में मिल रही मजदूरी दर की जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि मजदूरी दर में वृद्धि होने से उनकी आय बढ़ी है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। उन्होंने सरकार के इस निर्णय पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे ग्रामीणों के लिए लाभकारी बताया।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर और पारदर्शिता के साथ पहुंचे। उन्होंने वृक्षारोपण अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्री कुमार बिश्वरंजन सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, महिला समूहों की सदस्याएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




