

NM भारत न्यूज।
रायपुर, 18 मई 2026/ ‘सुशासन तिहार 2026’ रायपुर नगर निगम जोन क्रमांक-5 में आयोजित ‘जनसमस्या निवारण शिविर’ में रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल शामिल हुए। अश्वनी नगर स्थित महाराष्ट्रीयन तेली समाज भवन में आयोजित इस शिविर में वार्ड क्रमांक 39, 40, 41, 42, 66, 67 एवं 68 के नागरिकों के लिए लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टालों का उन्होंने निरीक्षण किया और आमजनों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
इस दौरान महापौर श्रीमती मीनल चौबे, पश्चिम विधायक श्री राजेश मूणत, रायपुर दक्षिण विधायक श्री सुनील सोनी तथा सभापति श्री सूर्यकांत राठौड़ ने शिविर का निरीक्षण कर नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की।
सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से जनता की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदन और शिकायतों पर एक सप्ताह के भीतर प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, पेंशन और राशन कार्ड जैसी मूलभूत समस्याओं के निराकरण की व्यवस्था जोन कार्यालयों में नियमित रूप से उपलब्ध होनी चाहिए। इससे नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत ‘मोर जमीन मोर मकान’ योजना से दो पात्र हितग्राहियों को भवन अनुज्ञा पत्र प्रदान किए गए। वहीं 26 पात्र नागरिकों को तत्काल नए एपीएल एवं बीपीएल राशन कार्ड सहित अन्य योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को दिया गए।
कार्यक्रम के दौरान सांसद एवं महापौर ने पुरानी बस्ती आंगनबाड़ी केंद्र की सहायिकाओं सुश्री पूर्णिमा सोनी और सुश्री मंजू चौबे को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य है।
शिविर में निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा, अपर कलेक्टर श्री कीर्तिमान सिंह राठौर, एसडीएम श्री नंदकुमार चौबे, अपर आयुक्त श्री विनोद पाण्डेय, जोन कमिश्नर श्री खीरसागर नायक सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




