
NM भारत न्यूज (एजेंसी)
पोड़ी उपरोड़ा/कोरबा।
विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा अंतर्गत संकुल सिरमिना में मंगलवार, 30 जून को संकुल स्तरीय प्रवेशोत्सव उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्प एवं मिठाई देकर आत्मीय स्वागत किया गया तथा शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य श्री विद्वान सिंह मरकाम ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील करते हुए कहा कि शासन द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं का लाभ हर बच्चे तक पहुंचना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय जनपद सदस्य श्रीमती कमला पेंद्रो ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने माता-पिता व क्षेत्र का नाम रोशन करने का संदेश दिया। वहीं ग्राम पंचायत सिरमिना की सरपंच श्रीमती कैलाश श्याम ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षा के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर संकुल प्राचार्य श्री ओगरे एवं संकुल समन्वयक श्री नीरज कोशले ने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा प्रवेशोत्सव के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में संकुल के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, पालकों एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर में उल्लास और उत्सव का माहौल देखने को मिला।




