
NM भारत न्यूज (एजेंसी)
रायपुर। मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के कई जिलों के लिए अगले 24 घंटों के दौरान बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। चेतावनी के अनुसार बलौदाबाजार, बेमेतरा, दुर्ग, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जांजगीर-चांपा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोरबा, महासमुंद, रायपुर और सक्ती जिलों में तेज बारिश के साथ कुछ स्थानों पर जलभराव और स्थानीय बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है।
मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने तथा मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर लगातार नजर रखने की अपील की है। भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भरने, यातायात प्रभावित होने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की भी संभावना जताई गई है।
प्रशासन ने भी संबंधित जिलों के अधिकारियों को सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।



