कोरबाक्राइमछत्तीसगढ़

पोड़ी उपरोड़ा : बनखेता में पेड़ पर फंदे से लटका मिला 40 वर्षीय महिला का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी; हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस, सरपंच ने पीड़ित परिवार को दी आर्थिक सहायता

 

NM भारत न्यूज (एजेंसी)

पोड़ी उपरोड़ा। कटघोरा थाना क्षेत्र के पुलिस सहायता केंद्र जटगा अंतर्गत ग्राम पंचायत बनखेता के आश्रित ग्राम लखमी में 40 वर्षीय महिला का शव गांव के समीप एक बबूल के पेड़ पर फंदे से लटका मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर जटगा पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गीता बाई श्याम (40 वर्ष), पति जय सिंह श्याम, निवासी ग्राम लखमी, ग्राम पंचायत बनखेता, का शव गांव के पास स्थित एक बबूल के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सहायता केंद्र जटगा की टीम ने मौके का निरीक्षण किया, पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

फिलहाल महिला की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस प्रारंभिक जांच के साथ-साथ परिजनों एवं ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष एवं गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की विवेचना जारी है।

गांव में शोक की लहर, पीड़ित परिवार की मदद को आगे आए सरपंच

घटना के बाद ग्राम लखमी एवं आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। इस दुखद घटना की सूचना मिलने पर ग्राम पंचायत बनखेता के सरपंच कवल श्याम पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए अपनी ओर से ₹2,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की तथा परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

ग्रामीणों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। वहीं पुलिस ने कहा है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!