पोड़ी उपरोड़ा//ग्राम पंचायत बंजारी में सचिव की पदस्थापना नहीं, विकास कार्य ठप होने की कगार पर जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, पेंशन सहित कई जरूरी कार्य प्रभावित

NM भारत न्यूज (एजेंसी)
पोड़ी उपरोड़ा। जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत बंजारी में सचिव की पदस्थापना नहीं होने से पंचायत का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इस संबंध में ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती राजकुमारी बिड़वार ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ), जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा को लिखित आवेदन सौंपकर तत्काल सचिव की पदस्थापना की मांग की है।
22 जुलाई 2026 को दिए गए आवेदन में उल्लेख किया गया है कि पंचायत में सचिव के अभाव के कारण जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, पेंशन, जाति, निवास तथा अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्रों से जुड़े दस्तावेजों के साथ-साथ विद्यालय संबंधी कई महत्वपूर्ण कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं। इससे पंचायत का नियमित प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहा है।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि सचिव के पद रिक्त रहने के कारण पंचायत के विकास कार्यों की गति धीमी पड़ गई है और विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में भी बाधा उत्पन्न हो रही है। इससे आमजन को समय पर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।
सरपंच ने अपने आवेदन में मांग की है कि ग्राम पंचायत बंजारी में तत्काल सचिव की पदस्थापना की जाए, ताकि पंचायत का प्रशासनिक कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके और शासन की योजनाओं का लाभ समय पर हितग्राहियों तक पहुंच सके।
अब देखना होगा कि जनपद पंचायत प्रशासन इस आवेदन पर कितनी शीघ्र कार्रवाई करता है और ग्राम पंचायत बंजारी को सचिव की सुविधा कब तक उपलब्ध कराई जाती है।




