

N M भारत न्यूज (एजेंसी)
कोरबा/पोड़ी उपरोड़ा। विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत कारीमाटी के आश्रित ग्राम रानीगढ़ी डोंगरीटोला में एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में जहर सेवन से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार रानीगढ़ी डोंगरीटोला निवासी मंगल सिंह पोर्ते (62 वर्ष), पिता स्वर्गीय गोविंद सिंह पोर्ते, सोमवार सुबह घर से कुछ दूरी पर पथरीली गली के किनारे बेहोशी की हालत में पड़े मिले। परिजनों ने उन्हें तत्काल घर लाकर प्राथमिक देखभाल की, लेकिन हालत गंभीर होने पर उपचार के लिए जिला अस्पताल गौरेला- पेंड्रा- मरवाही (जीपीएम) ले जाया गया।
बताया जा रहा है कि अस्पताल में उपचार शुरू होने से पहले ही मंगल सिंह पोर्ते ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों के अनुसार उनके शरीर में जहर का प्रभाव काफी अधिक फैल चुका था, जिसके कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की सूचना मिलने पर परिजनों ने गौरेला थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार हेतु सौंप दिया गया।
फिलहाल जहर सेवन के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।




