

NM भारत न्यूज (एजेंसी)
कटघोरा//जटगा वन परिक्षेत्र। कोरबा जिले के कटघोरा वन मंडल अंतर्गत जटगा वन परिक्षेत्र के ग्राम पंचायत धवलपुर में बीती रात लगभग 9 बजे जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान संतोष कुमार गोंड (पिता – शिव मंगल गोंड) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बीती रात करीब 9 बजे क्षेत्र में विचरण कर रहे जंगली हाथी ने अचानक संतोष कुमार पर हमला कर दिया। हाथी ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। वन विभाग एवं स्थानीय प्रशासन को भी घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद विभागीय अमला मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गया।

समाचार लिखे जाने तक मृतक का पोस्टमार्टम नहीं हुआ है। पुलिस एवं प्रशासन की मौजूदगी में आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है। पोस्टमार्टम के बाद ही शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
इस दर्दनाक घटना के बाद धवलपुर सहित आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से हाथियों की आवाजाही बनी हुई है, जिससे लोगों की जान-माल पर लगातार खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की निगरानी बढ़ाने, समय पर अलर्ट जारी करने तथा प्रभावित गांवों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
यह घटना एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीर स्थिति को उजागर करती है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है और वन विभाग की सतर्कता एवं प्रभावी प्रबंधन की आवश्यकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।




