
NM भारत न्यूज (एजेंसी)
सक्ती | 1 जुलाई 2026। सक्ती जिले के बहुचर्चित जोंगरा गोलीकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए हत्या की पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस के अनुसार, 25 वर्षीय पूर्णिमा चौहान उर्फ पूनम की हत्या किसी पुरानी रंजिश या जमीन विवाद के कारण नहीं, बल्कि कथित प्रेम संबंध को लेकर रची गई सुनियोजित साजिश का परिणाम थी। आरोप है कि पति-पत्नी ने मिलकर 4 लाख रुपये की सुपारी देकर शूटरों से युवती की हत्या करवाई। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दिनदहाड़े घर में घुसकर बरसाई थीं गोलियां
26 जून को ग्राम जोंगरा में दिनदहाड़े बदमाश घर में घुसे और 25 वर्षीय पूर्णिमा चौहान पर गोलियां दागकर फरार हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी। पुलिस के सामने आरोपियों तक जल्द पहुंचना सबसे बड़ी चुनौती थी।
प्रेम संबंध से शुरू हुई खूनी साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका का कथित रूप से रायगढ़ निवासी मुरलीशंकर चौहान से प्रेम संबंध था। पुलिस के मुताबिक, इस संबंध से नाराज उसकी पत्नी चम्पा चौहान ने पति के साथ मिलकर युवती को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इसके लिए 4 लाख रुपये की सुपारी देकर शूटरों को हत्या की जिम्मेदारी सौंपी गई।
तकनीकी जांच बनी सबसे बड़ा हथियार
हत्या के बाद गठित SIT ने मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की गहन जांच की। जांच का दायरा छत्तीसगढ़, झारखंड और महाराष्ट्र तक पहुंचा। लगातार चार दिनों की कार्रवाई के बाद पुलिस ने पूरी साजिश का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बरामद हुए अहम सबूत
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—
हत्या में प्रयुक्त पिस्टल
4 जिंदा कारतूस
2 मोटरसाइकिल
7 मोबाइल फोन
₹71,500 नकद
बरामद किए हैं, जिन्हें मामले के महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है।
ये आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने चम्पा चौहान, मुरलीशंकर चौहान, सुनील महंत, गौरीशंकर सिदार, राकेश महंत, वेद प्रकाश महंत, राजेन्द्र महंत, सुमित गबेल और चंद्रशेखर महंत को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ हत्या, आपराधिक षड्यंत्र और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस का बयान
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। यदि जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




