

NM भारत न्यूज (एजेंसी )
कोरबा//पोड़ी उपरोड़ा शासन की महत्वाकांक्षी सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की जमीनी हकीकत एक बार फिर सवालों के घेरे में है। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बंजारी के ग्रामीणों ने खाद्य विभाग की कथित लापरवाही और उदासीन कार्यप्रणाली से नाराज होकर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पोड़ी उपरोड़ा को ज्ञापन सौंपते हुए जून 2026 का राशन तत्काल वितरित कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जून माह समाप्त होने के बाद भी पात्र हितग्राहियों को राशन उपलब्ध नहीं कराया गया, जबकि शासन द्वारा प्रत्येक माह समय पर राशन वितरण के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। राशन नहीं मिलने से गरीब, मजदूर और जरूरतमंद परिवारों के सामने भोजन की समस्या उत्पन्न हो गई है।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में कहा कि शासन गरीबों के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रहा है, लेकिन खाद्य विभाग की लचर व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के कारण इन योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर नहीं पहुंच पा रहा है। इससे विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द जून माह का राशन वितरित नहीं किया गया तो 09 जुलाई 2026 को सुबह 11 बजे एसडीएम कार्यालय, पोड़ी उपरोड़ा का घेराव किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी।
हालांकि, ज्ञापन प्राप्त करने के बाद एसडीएम श्री मनोज बंजारे जी (पोड़ी उपरोड़ा) ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मामले का निराकरण एक सप्ताह के भीतर कराने का प्रयास किया जाएगा। एसडीएम के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने फिलहाल प्रशासन को समय देने की बात कही है, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया कि यदि निर्धारित समय में समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तय कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा।
अब सभी की निगाहें खाद्य विभाग और प्रशासन पर टिकी हैं। यदि एक सप्ताह के भीतर राशन वितरण सुनिश्चित नहीं होता है, तो यह मामला बड़े जनआंदोलन का रूप ले सकता है।




