

NM भारत न्यूज़ (एजेंसी)
गरियाबंद/देवभोग। गांड़ा समाज विकासखंड देवभोग द्वारा वर्ष 2026 के नव निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, समाजसेवी, शिक्षाविद, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। कार्यक्रम में समाज की शिक्षा, एकता, समता और संगठन को मजबूत बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि टी.आर. जगदल्ले (दुर्ग), सेवानिवृत्त बीईओ एवं प्रांतीय गाड़ा समाज फेडरेशन संयोजक रहे। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक उन्नति शिक्षा, संगठन और सामाजिक जागरूकता से ही संभव है। उन्होंने नव निर्वाचित पदाधिकारियों से समाजहित में समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
समारोह में के.एल. चौहान (रायगढ़), सेवानिवृत्त कलेक्टर, अशोक कुमार सोनवानी (रायपुर), डीसीएफ, प्रेमलाल चौहान (सरायपाली), प्रधान पाठक, चंपतलाल चौहान (पिथौरा), सेवानिवृत्त प्रधान पाठक, लक्ष्मी नाग (रायपुर), भरतराम बघेल (रायपुर), गौतम चौहान (बसना), राजेश कुमार चौहान (बसना), लालाराम चौहान (बसना), कुशल सिंह चौहान (बसना), दयाराम चौहान (विधायक प्रतिनिधि, सरायपाली), महेश्वर बघेल (देवभोग), सुखचंद बेसरा (देवभोग), भरत बघेल (रायपुर) तथा लोचन चौहान (पिथौरा), संपादक – छत्तीसगढ़ सृजन सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने समाज के विकास, युवाओं को शिक्षा से जोड़ने, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने तथा समाज को संगठित और सशक्त बनाने की शपथ ली। उपस्थित समाजजनों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका स्वागत करते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
देवभोग के मांझीपारा, गली नंबर-02, कांजीहाउस के पास आयोजित इस समारोह में समाज के लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम ने गाड़ा समाज की एकजुटता, सामाजिक चेतना और विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रभावशाली संदेश दिया।
अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, समाज के वरिष्ठजनों एवं उपस्थित समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।




