


NM भारत न्यूज।
गुरसरांय (झांसी)।
गुरुवार 28 मई को गुरसरांय क्षेत्र में मौसम ने अचानक ऐसी करवट ली कि सुबह जहां लोग ईद की खुशियां मना रहे थे, वहीं शाम होते-होते तेज बारिश और ओलावृष्टि ने पूरे माहौल को खुशनुमा बना दिया। भीषण गर्मी और तपन से परेशान लोगों को मौसम के इस बदलाव ने बड़ी राहत दी।
दिनभर तेज धूप और उमस के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया था। पंखे और कूलर भी गर्मी के आगे बेअसर नजर आ रहे थे। बाजारों से लेकर मुख्य सड़कों तक सन्नाटा पसरा हुआ था और लोग गर्म हवाओं से बचने के लिए घरों में कैद थे।
लेकिन शाम लगभग 6 बजे अचानक आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर बाद ओलावृष्टि ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया। करीब आधे घंटे तक हुई तेज बारिश और ओलों ने गर्मी का असर खत्म कर दिया और वातावरण में ठंडक घुल गई।
मौसम सुहाना होते ही बच्चे, बूढ़े और जवान घरों से बाहर निकल आए। सड़कों, गलियों और मोहल्लों में लोग ठंडी हवा और बारिश का आनंद लेते दिखाई दिए। बच्चों ने बारिश और ओलों के बीच जमकर मस्ती की। कहीं बच्चे पानी में खेलते नजर आए तो कहीं लोग बारिश में भीगकर मौसम का लुत्फ उठाते दिखाई दिए।
ईद के दिन मौसम के इस सुखद बदलाव ने लोगों की खुशियों को और बढ़ा दिया। ग्रामीणों और नगरवासियों का कहना था कि लंबे समय बाद इतनी राहत भरी बारिश हुई है, जिससे गर्मी से काफी निजात मिली है।
बारिश के बाद पूरे क्षेत्र का मौसम बेहद सुहावना हो गया और देर शाम तक लोग खुले आसमान के नीचे ठंडी हवाओं का आनंद लेते नजर आए। गुरसरांय में मौसम का यह बदला हुआ मिजाज दिनभर चर्चा का विषय बना रहा।


