फर्जी शिकायतों से न घबराएं – जिला पंचायत CEO दिनेश नाग ग्राम पंचायत गुरसिया सरपंच हेमलता बघेल ने की मुलाकात, निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति से कराया अवगत।

NM भारत न्यूज (एजेंसी)
कोरबा/पोड़ी उपरोड़ा। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत गुरसिया की सरपंच श्रीमती हेमलता बघेल ने जिला पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) श्री दिनेश नाग से मुलाकात कर पंचायत में संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों के संबंध में की गई कथित फर्जी शिकायतों की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने पंचायत में चल रहे विकास कार्यों एवं शिकायतों के कारण उत्पन्न हो रही बाधाओं की जानकारी विस्तार से दी।
जिला पंचायत CEO श्री दिनेश नाग ने सरपंच द्वारा प्रस्तुत तथ्यों एवं वस्तुस्थिति की जानकारी लेने के बाद उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि ग्राम पंचायतों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को धरातल पर उतारने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी जनप्रतिनिधियों की है। ऐसे में सरपंचों को किसी भी प्रकार के अनावश्यक दबाव या बेबुनियाद शिकायतों से घबराने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि ग्राम पंचायत गुरसिया सहित सभी पंचायतों में स्वीकृत निर्माण कार्यों को गुणवत्ता और समय सीमा के भीतर पूरा किया जाना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करता है या विधि विरुद्ध तरीके से अवरोध पैदा करता है, तो इसकी जानकारी तत्काल जिला प्रशासन को दी जाए। शासन के कार्यों में रुकावट डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
CEO श्री नाग ने यह भी कहा कि प्रशासन विकास कार्यों को लेकर पूरी तरह गंभीर है और जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक रुकावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
मुलाकात के दौरान ग्राम पंचायत गुरसिया की सरपंच श्रीमती हेमलता बघेल के साथ उनके पति श्री रौशन बघेल भी उपस्थित रहे।




